नई दिल्ली, [जागरण न्यूज नेटवर्क]। रात में नींद नहीं आती? आधी रात तक करवटें बदलते रहते हैं और फिर सुबह जल्दी आंख खुल जाती है? नींद पूरी नहीं होती तो सुबह उठने के बाद तरोताजा महसूस नहीं करते? आजकल की तनाव भरी जिंदगी में नींद नहीं आने की समस्या आम हो चुकी है। नींद न आने के कई कारण हो सकते हैं। लेकिन अपनी दिनचर्या और सोने वाले कमरे का वातावरण बदल कर काफी हद तक इस समस्या से निजात पाया जा सकता है।
दिनचर्या में बदलाव
-अच्छी नींद चाहिए तो दिनचर्या में बदलाव करें। व्यायाम न सिर्फ आपको स्वस्थ बनाता है, इससे नींद भी अच्छी आती है। तेज चलकर या साइकिलिंग भी लाभदायक होगा।
झपकी लेने से बचें
कुछ लोग दिन में थोड़ी सी झपकी लेने के बाद रात में भी अच्छी तरह सो लेते हैं। अगर आपको रात में ठीक से नींद नहीं आती तो दिन में झपकी लेने से बचें। यदि झपकी लेनी ही है तो 30 मिनट से ज्यादा मत सोएं।
एल्कोहल, धू्रमपान, कैफीन चुराते हैं नींद
एल्कोहल : एल्कोहल के सेवन से नींद की गुणवत्ता प्रभावित होती है। इसके कारण आदमी रातों में देर तक जागने लगता है। सोने से कुछ घंटे पहले एल्कोहल बिल्कुल मत लें।
कैफीन : आपको जानकर आश्चर्य होगा कि कैफीन लेने के दस से 12 घंटे बाद तक सोने में मुश्किल आती है। अगर आप पूरा दिन चाय, काफी या सोडे पर निर्भर रहते हैं तो इसे कम करें।
धू्रमपान : इसके कारण भी ठीक से नींद नहीं आती। इसमे निकोटिन पाया जाता है। यह सोने में बाधा डालता है।
सोने का वातावरण बनाएं
-बेडरूम में थोड़ा बदलाव करके बेहतर नींद पाई जा सकती है।
-बेड आपकी लंबाई के अनुरूप होना चाहिए।
-सोकर उठने के बाद पीठ या गर्दन में दर्द महसूस हो तो फौरन गद्दे और तकिए की जांच करें। गद्दा और तकिया नर्म ही इस्तेमाल करें। चादर साफ और सूती हो।
आपका कमरा
-अच्छी नींद के लिए कमरा हवादार और शांत होना चाहिए।
-कमरे में शोर नहीं होना चाहिए। टीवी, ट्रैफिक या म्यूजिक सिस्टम की आवाज से नींद में बाधा पड़ती है।
-सोते समय कमरे की लाइट बुझा दें।
-कमरे के तापमान ज्यादा गर्म या ठंडा होने से भी नींद में खलल पड़ती है। कमरे में हवा आने का उचित प्रबंध होना चाहिए।
सोने का वक्त तय हो
अपने सोने का वक्त तय करें। सप्ताहांत भी इसे न बदलें। नियमित समय पर सोने की आदत डाल लेने से नींद आने में आसानी होती है।
-रात में सोने से दो घंटे पहले खाना खा लें। तलाभुना और मसालेदार खाने से परहेज करें।
-सोने से पहले एक गिलास गर्म दूध लेने से नींद अच्छी आती है।
-रात में कोई किताब या मैगजीन पढ़ें। अपना मनपसंद संगीत सुनें। ध्यान लगाएं।
-सोने पहले उन चीजों के बारे में न सोचें जो आपको तनाव देती हैं।
-बेडरूम में टीवी और कंप्यूटर मत रखें।
Tuesday, October 6, 2009
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment